One Phone Call, 30-Minute Talk: Pakistan PM Shehbaz Sharif Agrees to IND vs PAK Match
नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच टी-20 विश्व कप मुकाबले को लेकर चल रहा सस्पेंस अब खत्म होने की कगार पर है। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार के फैसले से यू-टर्न लेने के लिए आभार जताया है।
भारत और पाकिस्तान के बीच यह बहुप्रतीक्षित ग्रुप स्टेज मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा। इस संबंध में आधिकारिक घोषणा आज किए जाने की संभावना है।
एक कॉल ने बदल दिया पाकिस्तान का फैसला
इस पूरे घटनाक्रम में निर्णायक भूमिका श्रीलंका के राष्ट्रपति और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के बीच 9 फरवरी की देर रात हुई टेलीफोन बातचीत ने निभाई। करीब 30 मिनट तक चली इस बातचीत के बाद पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच खेलने पर सहमति जता दी।
श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिता हेराथ ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पाकिस्तान सरकार ने बीसीबी द्वारा पीसीबी को भेजे गए औपचारिक अनुरोधों के साथ-साथ श्रीलंका, यूएई और अन्य सदस्य देशों की ओर से आए समर्थन संदेशों की समीक्षा की थी।
उन्होंने कहा कि इन संवादों में मौजूदा चुनौतियों का व्यावहारिक समाधान निकालने की अपील की गई थी, जिसके बाद पाकिस्तान के नेतृत्व ने अपने रुख पर पुनर्विचार किया।
श्रीलंका के राष्ट्रपति ने जताई खुशी
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अब सिर्फ आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, जिसके तहत भारत और पाकिस्तान का मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा।
