Nagpur Factory Blast: 19 Workers Dead
नई दिल्ली: महाराष्ट्र के नागपुर जिले के राउलगांव में रविवार सुबह एक विस्फोटक कारखाने में हुए भीषण धमाके में 19 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 24 अन्य घायल हो गए। धमाका इतना जोरदार था कि पूरी इमारत आग की लपटों में घिर गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
यह हादसा एसबीएल एनर्जी लिमिटेड की फैक्ट्री में हुआ, जहां डेटोनेटर पैकिंग यूनिट में विस्फोट हुआ। हादसे में मरने और घायल होने वालों में ज्यादातर महिला मजदूर शामिल हैं। घटना के बाद पुलिस ने फैक्ट्री को सील कर जांच शुरू कर दी है।
फरार आरोपियों पर लुकआउट नोटिस
नागपुर ग्रामीण पुलिस ने मामले में फरार 10 आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है, जिनमें कंपनी के दो मैनेजिंग डायरेक्टर भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार यह कदम आरोपियों को देश छोड़कर भागने से रोकने के लिए उठाया गया है, ताकि जांच प्रभावित न हो।
जांच के लिए बनी पांच टीमें
मामले की जांच के लिए पुलिस ने पांच विशेष टीमें गठित की हैं। इनमें से तीन टीमें एसडीपीओ संतोष गायकवाड़ के नेतृत्व में काम कर रही हैं। एक टीम छत्तीसगढ़ भेजी गई है, जहां क्रॉस-बॉर्डर लीड्स की जांच की जा रही है, जबकि दूसरी टीम महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों में छापेमारी कर रही है।
अब तक 11 लोग गिरफ्तार
पुलिस ने अब तक कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को छह दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत दर्ज किया गया है, जो गैर-इरादतन हत्या से संबंधित है।
सुरक्षा एजेंसियों की जांच जारी
पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव्स सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन (PESO) और डायरेक्टोरेट ऑफ इंडस्ट्रियल सेफ्टी एंड हेल्थ (DISH) ने भी फैक्ट्री की जांच शुरू कर दी है। दोनों एजेंसियों ने फैक्ट्री के संचालन पर फिलहाल रोक लगा दी है।
फोरेंसिक टीम धमाके के अवशेष, केमिकल ट्रेस, स्टोरेज में संभावित गड़बड़ी, वायरिंग और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि विस्फोट के वास्तविक कारण का पता लगाया जा सके।
