Mysterious Fire Incidents in Greater Noida Society: Shoes and Cycles Set Ablaze Outside Flats
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित पैरामाउंट इमोशंस सोसाइटी में बीते एक सप्ताह से रहस्यमयी आगजनी की घटनाओं ने निवासियों को दहशत में डाल दिया है। अलग-अलग टॉवरों में फ्लैट्स के बाहर रखे जूते-चप्पल, वॉल पेपर और बच्चों की साइकिल में आग लगने की अब तक चार घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
यह सोसाइटी थाना बिसरख क्षेत्र के अंतर्गत आती है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण लोगों में डर और असमंजस का माहौल है। शुरुआत में निवासियों ने इसे सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज किया, लेकिन घटनाओं की पुनरावृत्ति ने चिंता बढ़ा दी है।
फ्लैट के बाहर आई जलने की तेज बदबू
सोसाइटी निवासी अमन सिंह ने बताया कि दो दिन पहले शाम के समय उनके फ्लैट के बाहर तेज जलने की गंध आई। बाहर निकलकर देखा तो पड़ोसी के फ्लैट के बाहर रखे जूतों में आग लगी हुई थी। आसपास के लोगों ने मिलकर तुरंत आग बुझाई।
कुछ दिनों बाद दूसरे टॉवर में एक फ्लैट के बाहर खड़ी साइकिल में भी आग लग गई। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
तरह-तरह की अटकलें
निवासी गौरव गुप्ता का कहना है कि एक सप्ताह में चार अलग-अलग टॉवरों में आग लगना सामान्य घटना नहीं हो सकती। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इसके पीछे कौन है और उसका उद्देश्य क्या है?
जहां कुछ लोग इसे किसी शरारती तत्व की हरकत मान रहे हैं, वहीं कुछ निवासी इसे अंधविश्वास या टोना-टोटका से जोड़कर भी देख रहे हैं। हालांकि अब तक किसी को आग लगाते हुए नहीं देखा गया है।
पुलिस का क्या कहना है?
थाना बिसरख पुलिस के मुताबिक, अब तक इस संबंध में कोई लिखित शिकायत या तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल सोसाइटी के लोग सीसीटीवी फुटेज की जांच और सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, ताकि इन घटनाओं के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।
