Mob Thrashes Couple Over Love Affair
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के एक गांव में प्रेम संबंध को लेकर एक युवक और युवती को अमानवीय सजा देने का मामला सामने आया है। गांव के लोगों ने दोनों को पकड़कर पंचायत के सामने पेश किया, जहां उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। प्रेमी युगल हाथ जोड़कर जान बख्श देने की गुहार लगाता रहा, लेकिन किसी ने उनकी एक न सुनी। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि यह घटना करीब दस दिन पुरानी है। गांव का एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसकी जानकारी ग्रामीणों को लग गई और दोनों को एक साथ पकड़ लिया गया। इसके बाद बिना पुलिस को सूचना दिए उन्हें ग्राम प्रधान के पास ले जाया गया और पंचायत बैठा दी गई।
पंचायत में दोनों के प्रेम संबंध पर सवाल उठाए गए और सरेआम उन्हें सजा सुनाई गई। पंचायत के आदेश पर मौजूद महिला और पुरुषों ने युवक और युवती को जूते, चप्पलों और डंडों से पीटा। दोनों लगातार माफी मांगते रहे, लेकिन भीड़ ने उनकी नहीं सुनी। इस दौरान कोई भी व्यक्ति उन्हें बचाने के लिए आगे नहीं आया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, युवक और युवती अलग-अलग जाति के हैं। मारपीट के बाद पंचायत ने दोनों से भविष्य में एक-दूसरे से न मिलने का लिखित आश्वासन लिया, जिसके बाद उन्हें छोड़ा गया।
वहीं ग्राम प्रधान सुरेंद्र कुमार ने इस घटना को सामान्य बताते हुए कहा कि परिजनों ने गुस्से में दो-चार थप्पड़ मारे थे। दूसरी ओर, बड़गांव थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में लिया गया है और गांव जाकर जानकारी जुटाई गई है, लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
