Meerut Encounter: ₹25,000 Rewarded Criminal Injured in Police ‘Half Encounter’, Arrested
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में नौचंदी थाना पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मर्डर केस में था फरार आरोपी
मेरठ पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 6 फरवरी को नौचंदी थाना क्षेत्र में स्कूटी सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर असलम और उसके दोस्त शोएब को गोली मार दी थी। इस हमले में असलम की मौत हो गई थी। मामले में शामिल तीन आरोपियों को तीन दिन पहले दिल्ली में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी थी।
पिस्टल बरामदगी के दौरान की फायरिंग
पुलिस ने मंगलवार देर रात हत्या के मामले में नामजद आरोपी आहद को हापुड़ रोड से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह उसे गांधी आश्रम के पीछे छिपाई गई पिस्टल बरामद कराने के लिए ले जाया गया था। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की।
जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आहद के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दोबारा पकड़ लिया गया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल पिस्टल और स्कूटी बरामद करने का दावा किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।
