Massive Fire in 18-Storey Building in Thane, Over 70 Rescued; Two Elderly Injured
ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे शहर में तड़के सुबह एक 18 मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की वजह से इमारत में भारी धुआं भर गया, जिससे 70 से अधिक लोग अंदर फंस गए, जिन्हें बाद में सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस हादसे में दो बुजुर्ग गंभीर रूप से झुलस गए।
यह घटना ठाणे के शास्त्री नगर इलाके में स्थित मिलान हिल इमारत में मंगलवार सुबह करीब 4 बजे हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इमारत में लगी बिजली की पाइप से चिंगारी उठी, जिसके बाद कुछ ही देर में आग फैल गई।
ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन अधिकारी यासीन ताडवी ने बताया कि उन्हें सुबह 4:14 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। आग 10वीं और 13वीं मंजिल के बीच स्थित बिजली की पाइपलाइन में लगी थी, जिसके चलते पूरे भवन में घना धुआं फैल गया।
धुएं की वजह से कई लोग अपने फ्लैट्स में फंस गए थे। दमकल विभाग और रेस्क्यू टीमों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए करीब 70 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इस घटना में 62 वर्षीय और 74 वर्षीय दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, दमकल कर्मियों ने सुबह करीब 5:30 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया था। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
