House Gutted in Fire Caused by Prayer Lamp
इटावा: शहर के थाना कोतवाली के अंतर्गत ईदगाह के पास स्थित मकान में गुरुवार दोपहर पूजा के दौरान जलाया गया दीपक अचानक गिर गया। इससे आग तेजी से भड़क उठी और देखते ही देखते पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।
कमरे में रखा सामान जलने लगा, जिससे घर में मौजूद परिवार के सदस्यों के बीच अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से घर के बुजुर्ग मुन्नी लाल और उनके दो पौत्र गगन तथा हर्ष गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजनों और आसपास के लोगों ने साहस दिखाते हुए तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, बिस्तर और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
इस घटना के बाद मोहल्ले में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। झुलसे बाबा मुन्नी लाल और दोनों बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है
