Massive Fire at Color-Making Factory in Jind, Four Women Dead; 13 Injured
जींद: हरियाणा के जींद जिले के सफीदों क्षेत्र में होली के रंग बनाने वाली एक फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के समय फैक्ट्री में कुल 17 लोग काम कर रहे थे, जिनमें पांच पुरुष और 12 महिलाएं शामिल थीं।
आग लगने से चार महिलाओं की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि 13 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से छह लोगों को पहले नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से अधिक झुलसने के कारण पांच घायलों को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि रोहतक पीजीआई भेजे गए दो घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। वहीं नागरिक अस्पताल में पवन नाम का एक युवक भर्ती है, जो करीब आठ प्रतिशत तक झुलसा है।
मृतकों की पहचान गांव सिंघपुरा निवासी पिंकी, सफीदों के वार्ड नंबर नौ की रहने वाली गुड्डी, दिग्गी मोहल्ला निवासी पूजा और आदर्श कॉलोनी निवासी ऊषा के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।
