Major Anti-Encroachment Drive Near SP Office in Saharsa
सहरसा: शहर में बढ़ती जाम की समस्या को देखते हुए नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में शनिवार को एसपी कार्यालय के मुख्य द्वार के समीप अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाकर बड़ी कार्रवाई की गई।
नगर निगम की टीम ने पूर्व सूचना के बाद विभिन्न चौक-चौराहों पर अभियान चलाया। इससे पहले कचहरी चौक क्षेत्र से भी अतिक्रमण हटाया गया था। शहर में लगातार लगने वाले जाम से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर परीक्षा के दिनों में कई परीक्षार्थी जाम में फंसकर समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच पाते, जिससे उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है। हाल के दिनों में ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं।
नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा ने बताया कि शहरवासियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में चौक-चौराहों पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में भी बड़े पैमाने पर कार्रवाई जारी रहेगी।
