Major Anti-Corruption Action in Lucknow, Consolidation Clerk Arrested for Bribery
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीकेटी तहसील के चकबंदी विभाग में तैनात पेशकार राजीव प्रभाकर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सरकारी दस्तावेजों में गाटा संख्या सही करने के नाम पर 5,000 रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित योगेश मिश्रा से गाटा संख्या में संशोधन कराने के बदले रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और संयुक्त प्रभारी निरीक्षक संध्या सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान पेशकार राजीव प्रभाकर को रिश्वत की रकम लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया गया। इसके बाद आरोपी को बीकेटी थाने लाया गया, जहां उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। एंटी करप्शन टीम ने साफ किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद से सरकारी महकमे में भ्रष्टाचार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
