Mahoba: Cousin's love affair, father of three children consumes poisonous substance
महोबा। में रिश्तों के ताने-बाने ने एक परिवार को बर्बादी की कगार पर खड़ा कर दिया है। शहर कोतवाली क्षेत्र के डढहत माफ गांव में प्रेम प्रसंग के चलते तीन बच्चों के पिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया। आरोप है कि पति का अपनी ही ममेरी बहन से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसके चलते घर में कलह शुरू हुई। लोकलाज और बदनामी के डर से युवक ने यह कदम उठाया, जिसका फिलहाल जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
रिश्तों की मर्यादा जब टूटती है, तो अंजाम अक्सर दर्दनाक होता है। महोबा के डढहत माफ गांव निवासी 30 वर्षीय जितेंद्र की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। अहमदाबाद में मजदूरी करने गए तीन बच्चों के पिता जितेंद्र को अपनी ही ममेरी बहन शीतल से प्यार हो गया। लेकिन यह इश्क उसके बसे-बसाये घर के लिए काल बन गया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब जितेंद्र की पत्नी किरन ने घर खर्च के लिए पैसे मांगे। जितेंद्र ने न सिर्फ पैसे देने से मना किया, बल्कि अपनी पत्नी और बच्चों से नाता तोड़ने की बात कह डाली। उसने साफ कर दिया कि अब उसका वास्ता सिर्फ अपनी ममेरी बहन से है। जब यह बात जितेंद्र की मां उर्मिला तक पहुंची, तो पैरों तले जमीन खिसक गई।
मां ने किसी तरह समझा-बुझाकर बेटे को घर वापस बुलाया, लेकिन घर लौटकर भी जितेंद्र सामान्य नहीं हुआ। घर आने के बाद जितेंद्र गुमसुम रहने लगा। उसने परिजनों से दो टूक कहा कि समाज और रिश्तेदारी में उसकी बहुत बदनामी हो चुकी है, अब वह अपनी पत्नी के साथ नहीं रह सकता और बच्चों को लेकर शीतल के पास चला जाएगा। इसी मानसिक खींचतान और लोकलाज के दबाव में जितेंद्र ने जहरीला पदार्थ गटक लिया।
