Lucknow: Youth’s Body Found Inside Freezer at Biryani Shop, Murder Suspected
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बीकेटी क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। चंद्रिका देवी रोड पर जीसीआरजी गेट के सामने स्थित एक बंद वेज बिरयानी दुकान के डीप फ्रीजर से रविवार को 33 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने मृतक की पहचान किशुनपुर निवासी विजयपाल (33) के रूप में की है। शव मिलने की सूचना उसके भाई रुद्रपाल को दी गई। परिजनों के अनुसार विजयपाल शराब पीने का आदी था और अक्सर कई दिनों तक घर से बाहर रहता था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि पत्नी छह साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी।
परिवार ने बताया कि इस बार भी वह करीब 24 घंटे से लापता था, जिसके बाद परिजन आसपास के इलाकों में उसकी तलाश कर रहे थे।
दुकान संचालक शनि ने पुलिस को बताया कि उसके पिता के निधन के कारण दुकान पिछले तीन-चार दिनों से बंद थी। रविवार को वह बर्तन लेने दुकान पहुंचा और जैसे ही डीप फ्रीजर खोला, अंदर युवक का शव देखकर उसके होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस को शव के पास से पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज मिले हैं। शव फ्रीजर के अंदर पीठ के बल पड़ा हुआ था और फ्रीजर बंद था। स्थानीय लोगों और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ गोपाल कृष्ण चौधरी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
स्थानीय लोगों ने पास के शराब ठेके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
