LDA Bulldozer Action in Lucknow: Illegal Plotting on 40 Bigha Land Demolished, Commercial Complex Sealed
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। साथ ही हजरतगंज क्षेत्र में एक अवैध तीन मंजिला व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स को भी सील कर दिया गया।
गोसाईगंज में अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि गोसाईगंज के ग्राम कासिमपुर बिरूहा में चांद सराय क्रॉसिंग के पास करीब 10 बीघा जमीन पर बिना ले-आउट स्वीकृति के अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। एलडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। यह अवैध निर्माण राजेंद्र श्रीवास्तव समेत अन्य लोगों द्वारा कराया जा रहा था।
काकोरी क्षेत्र में भी चला बुलडोजर
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह के अनुसार काकोरी के ग्राम इब्राहिमगंज, खुदाईंट और पलेंहदा में अभियान चलाकर लगभग 20 बीघा क्षेत्र में की जा रही चार अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान जमीन को समतल कर दिया गया।
सैरपुर इलाके में भी कार्रवाई
प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि सैरपुर थाना क्षेत्र के पलहरी, बौरूमऊ और कोडरी भौली गांवों में करीब 10 बीघा जमीन पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। एलडीए ने दीपू यादव, राजेश वर्मा और अन्य लोगों द्वारा विकसित की जा रही तीन अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया।
हजरतगंज में तीन मंजिला कॉम्प्लेक्स सील
इसके अलावा प्रवर्तन जोन-6 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि हजरतगंज के डालीबाग स्थित बटलर रोड पर करीब 300 वर्गमीटर भूखंड पर बन रहे तीन मंजिला व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स को सील कर दिया गया। यह निर्माण अंकित शर्मा समेत अन्य लोगों द्वारा कराया जा रहा था। विहित न्यायालय के आदेश के बाद एलडीए की टीम ने सीलिंग की कार्रवाई की।
एलडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
