Late-Night Clash in Indirapuram: Girls Fight at Tea Stall, Video Goes Viral
दिल्ली। से सटे गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में मंगलवार देर रात एक चाय की दुकान पर अचानक हंगामा खड़ा हो गया। देर रात चाय पीने पहुंचे युवाओं के बीच शुरू हुई मामूली कहासुनी कुछ ही मिनटों में मारपीट में बदल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि मामला वैभव खंड स्थित साया गोल्ड सोसायटी के पास मशहूर पांडे चाय वाले की दुकान का है। यह दुकान पूरी रात खुली रहती है और यहां देर रात तक युवाओं की भीड़ जुटी रहती है। मंगलवार रात भी बड़ी संख्या में युवक-युवतियां वहां मौजूद थे। इसी दौरान दो युवतियों के बीच किसी बात को लेकर बहस छिड़ गई।
देखते ही देखते बहस ने गाली-गलौज का रूप ले लिया और फिर दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवतियों ने एक-दूसरे के बाल खींचते हुए सड़क पर जमकर मारपीट की। मौके पर मौजूद उनके साथ आए युवकों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन कुछ समय तक दोनों को अलग करना मुश्किल हो गया।
घटना के दौरान वहां मौजूद कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह चाय की दुकान रात में युवाओं का प्रमुख ठिकाना बनी रहती है, जहां भीड़ के कारण कई बार विवाद की स्थिति बन जाती है।
पुलिस का कहना है कि उन्हें इस घटना की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली है, हालांकि अब तक इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
