Tirwa is reeling from waterlogging due to heavy rains
कन्नौज जनपद के तिर्वा कस्बे में बारिश के दौरान जगह-जगह जलभराव की गंभीर समस्या से आम लोगों को हर साल भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही आगरा–लखनऊ एक्सप्रेस-वे के पास वर्षों से छूटी पड़ी सर्विस रोड के निर्माण को लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी है। इन समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
तिर्वा तहसील के सिकरोरी गांव के पास से गुजर रहे आगरा–लखनऊ एक्सप्रेस-वे के निर्माण के समय से ही सर्विस रोड अधूरी पड़ी है। वहीं तिर्वा कस्बे में बारिश होते ही कई इलाकों में जलभराव हो जाता है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित होता है। इन समस्याओं से निजात दिलाने के लिए नाला निर्माण, बाइपास निर्माण और सर्विस रोड को पूरा कराने की मांग तहसील दिवस के अवसर पर सपा नेता अंशुल गुप्ता के नेतृत्व में सपा नेताओं ने जिलाधिकारी के समक्ष रखी।
सपा नेताओं ने बताया कि बीते करीब छह वर्षों से इन समस्याओं के समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। आगरा–लखनऊ एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड का मुद्दा विधानसभा में भी उठ चुका है, इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
सपा नेताओं ने प्रशासन से जल्द से जल्द समस्याओं के निस्तारण की मांग की, ताकि तिर्वा कस्बे के लोगों को जलभराव और यातायात संबंधी दिक्कतों से राहत मिल सके।
