Jhansi Road Tragedy: 3 Dead, 13 Injured as Truck Hits Auto Returning from Engagement Ceremony
उत्तर प्रदेश के झांसी में गुरसराय थाना क्षेत्र के पास भयानक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब सगाई समारोह से लौट रहे ऑटो को तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी।
घटना में दुल्हन रानी के चचेरे भाई नारायण दास, चचेरी बहन जानकी और पंडित सीता रमैया गौतम की मौके पर ही मौत हो गई। ऑटो में कुल 16 लोग सवार थे। हादसे की भयावहता के कारण ऑटो के परखच्चे उड़ गए।
घायलों को गुरसराय सीएचसी, झांसी मेडिकल कॉलेज और निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल जगवती, मन्नू, जयकुंवर, शीला देवी, हीरा देवी, शिवानी और कल्लू पाल का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है। पार्वती को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि द्रौपदी, जैश, सचिन, रामवती और अरविन्द का इलाज गुरसराय सीएचसी में हो रहा है।
पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
हादसे की सूचना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने प्रशासन से हादसे के जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है।
