Israeli PMO Breaks Silence on Netanyahu ‘Missing’ Rumors, Says PM Is Safe and Healthy
तेल अवीव: ईरान के साथ जारी युद्ध के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें फैलने लगीं। कुछ रिपोर्ट्स में उनके “गायब” होने या हत्या की आशंका तक जताई जाने लगी। इन चर्चाओं के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने बयान जारी कर इन सभी दावों को गलत बताया है।
इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने तुर्की की समाचार एजेंसी अनादोलू से बातचीत में कहा कि नेतन्याहू पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनके बारे में फैल रही खबरें फर्जी हैं। अफवाहों की शुरुआत तब हुई जब 13 मार्च को उनके एक्स (X) अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया गया। उससे पहले कई दिनों तक नेतन्याहू सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए थे।
वायरल वीडियो को लेकर विवाद उस समय बढ़ गया जब कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने दावा किया कि वीडियो में नेतन्याहू के दाहिने हाथ में पांच की बजाय छह उंगलियां दिखाई दे रही हैं। इसके बाद कई लोगों ने इसे एआई से बनाया गया वीडियो या डीपफेक होने का दावा करना शुरू कर दिया।
हालांकि, बाद में जांच में सामने आया कि यह वीडियो वास्तविक है और इसे इजरायली सरकार के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी पोस्ट किया गया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार यह वीडियो 13 मार्च को साझा किया गया था, जिसमें नेतन्याहू ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर को संबोधित करते हुए बयान दिया था। वीडियो में उन्होंने कहा था कि इजरायल ईरान और हिजबुल्लाह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रहा है।
नेतन्याहू ने अपने संबोधन में ईरान के नए नेता मोजतबा खामेनेई को इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की कठपुतली बताया था और कहा था कि ईरान का नया नेतृत्व सामने आने से भी डर रहा है।
हालांकि इस वीडियो के सामने आने के बाद कुछ लोगों ने यह सवाल भी उठाया कि नेतन्याहू का यह संबोधन लाइव था या पहले से रिकॉर्ड किया गया था।
