Indonesia to Buy BrahMos Missiles from India, ₹3,800 Crore Deal Finalized
नई दिल्ली: रक्षा क्षेत्र में भारत को एक और बड़ी सफलता मिली है। फिलीपींस के बाद अब दुनिया की सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाले देशों में से एक इंडोनेशिया ने भारत से ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल प्रणाली खरीदने का समझौता किया है। इस समझौते की पुष्टि इंडोनेशिया के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता रिको रिकार्डो सिरैत ने की है। इसके साथ ही इंडोनेशिया, फिलीपींस के बाद दक्षिण-पूर्व एशिया का दूसरा देश बन गया है जिसने ब्रह्मोस मिसाइल खरीदने का फैसला किया है।
रिपोर्ट के अनुसार भारत और इंडोनेशिया के बीच इस रक्षा सौदे की कीमत करीब 450 मिलियन डॉलर यानी लगभग 3,800 करोड़ रुपये है। इंडोनेशिया का कहना है कि यह समझौता उसके सैन्य आधुनिकीकरण और तटीय सुरक्षा को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है।
इंडोनेशिया के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता रिको रिकार्डो सिरैत ने कहा कि ब्रह्मोस मिसाइल प्रणाली की खरीद भारत के साथ रक्षा सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उनके अनुसार यह प्रणाली देश की संप्रभुता की रक्षा और प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में मदद करेगी।
भारत और रूस के सहयोग से विकसित ब्रह्मोस मिसाइल ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत तैयार की गई है। इस मिसाइल प्रणाली में कई अन्य देशों ने भी रुचि दिखाई है। रिपोर्ट के मुताबिक वियतनाम भी लगभग 700 मिलियन डॉलर की संभावित डील को अंतिम रूप देने के करीब पहुंच चुका है।
इसके अलावा थाईलैंड, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, मिस्र और कुछ लैटिन अमेरिकी देश भी ब्रह्मोस मिसाइल खरीदने को लेकर भारत के साथ बातचीत कर रहे हैं।
ब्रह्मोस मिसाइल की विशेषताओं की बात करें तो यह एक सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल है, जो करीब 3,700 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से लक्ष्य को भेद सकती है। इसकी मारक क्षमता लगभग 800 किलोमीटर तक है और यह 200 से 300 किलोग्राम तक का वारहेड ले जाने में सक्षम है। इसे जमीन, समुद्र और हवा से लॉन्च किया जा सकता है और यह दुश्मन के रडार से बचने के लिए बेहद कम ऊंचाई पर उड़ान भरने की क्षमता रखती है।
