Indian-Origin Man Shot Dead in Canada
कनाडा में भारतीय मूल के एक युवक की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान दिलराज सिंह गिल के रूप में हुई है, जो वैंकूवर का निवासी था। पुलिस का कहना है कि यह मामला सुनियोजित गैंगवार से जुड़ा हो सकता है।
यह घटना गुरुवार, 22 जनवरी को हुई थी। बर्नाबी आरसीएमपी (RCMP) को 3700 ब्लॉक इलाके में गोलीबारी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को एक युवक गंभीर हालत में मिला। अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
शनिवार, 24 जनवरी को पुलिस ने मृतक की औपचारिक पहचान दिलराज सिंह गिल के रूप में की। पुलिस के अनुसार, गिल पहले से ही कानून एजेंसियों के संज्ञान में था।
पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि गोलीबारी की घटना के कुछ ही समय बाद बक्सटन स्ट्रीट के 5000 ब्लॉक में एक वाहन आग की लपटों में पाया गया। जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि जली हुई गाड़ी का इस हत्या से कोई संबंध है या नहीं।
इस मामले की जांच अब इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) कर रही है। टीम ने अपने बयान में कहा है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला ब्रिटिश कोलंबिया के गैंग विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
