Indian Embassy Issues Advisory Amid Mexico Violence, Urges Citizens to Stay Alert
मेक्सिको। में कुख्यात ड्रग तस्कर ‘एल मेंचो’ की मौत के बाद देश के कई हिस्सों में हिंसा भड़क उठी है। हालात बिगड़ने के बीच भारत के दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किया है और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर भी साझा किया है।
कई राज्यों में जारी सुरक्षा अभियान
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में बताया कि मेक्सिको के कई इलाकों में सुरक्षा बलों द्वारा ऑपरेशन चलाया जा रहा है, जिससे कई सड़कों पर यातायात प्रभावित है और आपराधिक गतिविधियां बढ़ गई हैं।
दूतावास ने विशेष रूप से जलिस्को (प्यूर्टो वालार्टा, चपाला, ग्वाडलहारा), तमाउलिपास (रेनोसा सहित अन्य क्षेत्र), मिचोआकन, गुएरेरो और न्यूवो लियोन राज्यों में रहने वाले भारतीय नागरिकों को अगली सूचना तक सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
हिंसा और आगजनी की घटनाएं
रिपोर्ट्स के अनुसार, ड्रग तस्कर के समर्थक कई स्थानों पर आगजनी और सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासनिक ठिकानों को भी निशाना बनाए जाने की खबरें सामने आई हैं।
अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील
दूतावास ने नागरिकों से कहा है कि पुलिस कार्रवाई वाले क्षेत्रों से दूर रहें, भीड़भाड़ से बचें और बिना जरूरी कारण बाहर न निकलें। लोगों को स्थानीय मीडिया के अपडेट पर नजर रखने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
जारी किया हेल्पलाइन नंबर
आपात स्थिति में भारतीय नागरिकों को मेक्सिको में इमरजेंसी नंबर 911 पर संपर्क करने के साथ भारतीय दूतावास की हेल्पलाइन +52 55 4847 7539 पर सहायता लेने को कहा गया है। साथ ही परिवार और दोस्तों को अपनी स्थिति की जानकारी देते रहने की भी अपील की गई है।
दूतावास ने स्पष्ट किया है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे की एडवाइजरी जारी की जाएगी।
