Impact of 4TV News Report: Road to Be Constructed with Budget of ₹16.07 Lakh
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में शमशाबाद रोड स्थित ग्राम श्यामो में बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन जारी है। ग्रामीण पिछले 15 दिनों से खराब सड़क और नारकीय हालात के खिलाफ धरने पर बैठे हुए हैं। इसी बीच 4TV सैटेलाइट चैनल पर खबर प्रमुखता से प्रसारित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया है।
जानकारी के अनुसार, संबंधित विभाग ने सड़क निर्माण के लिए 16 लाख 7 हजार रुपये के बजट का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। यह रास्ता करीब 150 मीटर का है, जो पिछले तीन वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पहले 38 लाख रुपये की लागत से शुरू किए गए प्रोजेक्ट को बीच में ही अधूरा छोड़ दिया गया, जिसके कारण बरसात के समय लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
15 फरवरी से ग्रामीण इस मुद्दे को लेकर धरने पर बैठे थे और 25 फरवरी से प्रशासन की अनदेखी के विरोध में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि जब 4TV सैटेलाइट चैनल ने ग्रामीणों की समस्या और विभागीय लापरवाही को प्रमुखता से दिखाया, तो प्रशासनिक स्तर पर हलचल मच गई और सड़क निर्माण के लिए नया प्रस्ताव तैयार किया गया।
हालांकि बजट प्रस्ताव भेजे जाने के बावजूद अभी तक जमीन पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि वे केवल कागजी कार्रवाई से संतुष्ट नहीं होंगे। उनका साफ कहना है कि सड़क निर्माण का काम शुरू होने के बाद ही वे अपनी भूख हड़ताल खत्म करेंगे।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि कब इस 150 मीटर लंबे अधूरे रास्ते की समस्या का समाधान कराते हैं।
