High-Level Security Review in Jammu & Kashmir: Amit Shah Arrives in Jammu for Three-Day Visit, to Meet Troops Along LoC
जम्मू। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार, 5 फरवरी को जम्मू-कश्मीर के तीन दिवसीय दौरे पर जम्मू पहुंच रहे हैं। इस दौरान वह केंद्र शासित प्रदेश की मौजूदा सुरक्षा और विकासात्मक स्थिति की समीक्षा करेंगे, साथ ही सीमावर्ती इलाकों का दौरा भी करेंगे।
दौरे के दौरान गृह मंत्री विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे और भाजपा नेताओं के अलावा अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गृह मंत्री के दौरे की पुष्टि करते हुए कहा कि इस दौरान जम्मू-कश्मीर से जुड़े अहम मुद्दों पर आमने-सामने चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विकास से जुड़े विषयों पर भी विस्तृत बातचीत की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
गृह मंत्री के दौरे को लेकर पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। श्रीनगर में सुरक्षाबलों ने लाल चौक और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया, जबकि उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा में भी सघन जांच की गई। इसके अलावा जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग और सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त चौकसी बरती जा रही है।
यह वर्ष 2026 में केंद्रीय गृह मंत्री का जम्मू-कश्मीर का पहला दौरा है।
आज शाम पहुंचेंगे जम्मू
अधिकारियों के अनुसार, परिस्थितियां अनुकूल रहने पर अमित शाह गुरुवार शाम जम्मू पहुंचेंगे। वह लोकभवन में ठहरेंगे, जहां भाजपा की प्रदेश इकाई के नेताओं और अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे।
सीमा पर लेंगे सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
शुक्रवार, 6 फरवरी की सुबह गृह मंत्री जिला कठुआ के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) के घुसपैठरोधी तंत्र का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वह सीमा की दो चौकियों का भी दौरा करेंगे।
लोकभवन में उच्चस्तरीय बैठक
हीरानगर से लौटने के बाद अमित शाह लोकभवन में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की मौजूदगी में एक उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। इस बैठक में जम्मू-कश्मीर की मौजूदा सुरक्षा स्थिति की विस्तार से समीक्षा की जाएगी।
सात फरवरी को श्रीनगर का दौरा
शनिवार, 7 फरवरी की सुबह गृह मंत्री जम्मू से श्रीनगर के लिए रवाना होंगे। वहां वह विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला तथा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विकासात्मक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके बाद वह श्रीनगर से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के लिए रवाना होंगे।
