Fake Liquor Factory Busted in Agra, Four Arrested
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के कागारौल थाना क्षेत्र के अकोला गांव में पुलिस ने नकली अंग्रेजी शराब बनाने की एक अवैध फैक्ट्री का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और मौके से बड़ी मात्रा में नकली शराब व शराब बनाने का सामान बरामद किया गया है।
अपर पुलिस उपायुक्त ने बुधवार को बताया कि थाना कागारौल पुलिस ने मंगलवार रात चेकिंग के दौरान सूचना के आधार पर लालऊ पुल, अकोला के पास एक काली स्कॉर्पियो गाड़ी को रोका। तलाशी के दौरान तीन आरोपी नरेश, उम्मेद और प्रशांत को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 74 पेटी नकली शराब बरामद की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर एक अन्य आरोपी सत्यप्रकाश को स्टेडियम के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने बताया कि वे केमिकल युक्त स्पिरिट को अंग्रेजी शराब के रूप में तैयार कर उस पर अंग्रेजी ब्रांड के स्टीकर लगाकर बेचते थे। उन्होंने बताया कि कस्बा अकोला के पास खेतों में स्थित सत्यप्रकाश के मकान में गोदाम बनाकर शराब तैयार की जाती थी।
एसीपी के अनुसार, गोदाम से शराब की पेटियां, 50 लीटर स्पिरिट, 89 खाली कांच की शीशियां, 62 इम्पीरियल ब्लू के रैपर और एक बोरी नीले ढक्कन बरामद किए गए। आरोपियों ने यह भी बताया कि उनके साथ एक अन्य व्यक्ति धर्मवीर भी काम करता है, जो होडल, हरियाणा का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी नरेश ने अपने भाई, साले और दोस्त धर्मवीर के साथ मिलकर करीब छह दिन पहले सत्यप्रकाश के घर में यह फैक्ट्री लगाई थी। शराब तैयार करने के लिए स्पिरिट में पानी मिलाया जाता था, जिसके लिए घर में आरओ प्लांट भी लगाया गया था। शराब की सप्लाई के लिए सत्यप्रकाश ने अपने दोनों बेटों को मध्य प्रदेश और बिहार भेजा था। पुलिस के पहुंचने पर आरोपियों ने स्पिरिट से भरे ड्रम में आग लगा दी थी।
