Even after her marriage was fixed, a 25-year-old private teacher committed suicide by hanging herself.
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है।शादी तय होने के बाद भी एक 25 वर्षीय प्राइवेट शिक्षिका ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।आखिर ऐसा क्या हुआ कि कुछ ही समय बाद दुल्हन बनने वाली बेटी ने यह खौफनाक कदम उठा लिया?
शाहजहांपुर के कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र के चिनौर गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब शुक्रवार सुबह एक शिक्षिका का शव कमरे के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला।मृतका की पहचान 25 वर्षीय संभवी शुक्ला के रूप में हुई है, जो पुवायां क्षेत्र के एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका थीं। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात वह अपने कमरे में अकेले सोने गई थीं। शुक्रवार सुबह जब मां सरोजनी कमरे में पहुंचीं तो बेटी का शव फंदे से लटका देख चीख पड़ीं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिजनों के मुताबिक, संभवी की शादी शहर में ही तय हो चुकी थी। हालांकि विवाह की तारीख अभी निर्धारित नहीं हुई थी। परिवार में माता-पिता के साथ वह रह रही थीं, जबकि बड़ी बहन की शादी पहले ही हो चुकी है।
पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की असल वजह सामने आ सके।
परिजनों ने बताया क“हमें समझ नहीं आ रहा कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया… शादी तय थी, सब कुछ सामान्य लग रहा था…”
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल की जांच के बाद ही आत्महत्या की वजह साफ हो पाएगी।
