Delivery Boy Found Hanging on Neighbor’s Roof in Ghaziabad’s Khoda, Father Alleges Murder
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में 26 फरवरी को एक डिलीवरी बॉय का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ोसी की छत पर चादर के फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान 19 वर्षीय समीर रावत के रूप में हुई है।
मृतक के पिता ने इस घटना को हत्या बताते हुए आरोप लगाया है कि उनके बेटे को मारकर आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटकाया गया। उनका कहना है कि घटनास्थल पर काफी खून फैला हुआ था और फंदे से लटके समीर के पैर घुटनों तक जमीन को छू रहे थे। परिवार का दावा है कि जिस चादर से फंदा बनाया गया, वह उनकी नहीं है।
पुलिस और पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया
डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने नहीं आई है, जिससे मौत के सही कारणों का पता नहीं चल सका है।
समीर के पिता का कहना है कि पोस्टमॉर्टम के बाद जब वे कल्याणपुरी थाने में मामला दर्ज कराने पहुंचे तो उन्हें खोड़ा थाने भेज दिया गया। अब वे दोनों थानों के बीच केस दर्ज कराने के लिए चक्कर लगा रहे हैं।
सीसीटीवी में दिखी आखिरी झलक
परिवार के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में समीर रावत रात करीब साढ़े 12 बजे गली में आते हुए दिखाई दिया। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चल पाया। समीर ज़ोमैटो में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था और उसका शव पड़ोसी की छत पर लटका हुआ मिला।
जांच की मांग
उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व मंत्री धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि समीर के पिता ने उनसे संपर्क कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और मजिस्ट्रेट से जांच करवाने की मांग की है।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि घटना खोड़ा में हुई, फिर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए दिल्ली क्यों भेजा गया।
