Delhi Becomes India’s Largest E-Bus City, 500 New Electric Buses Flagged Off from Ramlila Maidan
नई दिल्ली: दिल्ली ने सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रामलीला मैदान से 500 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली अब देश की सबसे बड़ी ई-बस सिटी बन चुकी है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि रामलीला मैदान कई ऐतिहासिक घटनाओं का साक्षी रहा है। यहां ईमानदारी के नाम पर आंदोलन करने वाले लोग सत्ता में आने के बाद अपने वादे भूल गए और भ्रष्टाचार में डूब गए। उन्होंने कहा कि दिल्ली ने पिछली सरकार का 11 वर्षों का “बर्बादी भरा कार्यकाल” भी देखा है।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि जिन लोगों ने दिल्ली के खजाने को लूटा, उनकी जगह अब उनकी सरकार दिल्ली के विकास के लिए काम कर रही है। 500 नई ई-बसों के जुड़ने के बाद दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों की कुल संख्या 4000 से अधिक हो गई है, जो देश के किसी भी शहर से ज्यादा है। वहीं राजधानी में कुल बसों की संख्या करीब 5700 हो गई है।
इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने मिलकर नई ई-बसों को हरी झंडी दिखाई।
दिल्ली सरकार ने वर्ष 2028 तक ई-बसों की संख्या 14,000 तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। सरकार का दावा है कि अगले दो वर्षों में दिल्ली के हर इलाके में लोगों को इलेक्ट्रिक बसों की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि दिल्ली के लिए नई ई-रिक्शा पॉलिसी लाई जाएगी और नई इलेक्ट्रिक वाहन नीति जल्द लागू होगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली मेट्रो नेटवर्क अब 400 किलोमीटर तक पहुंच चुका है। पिछली सरकार द्वारा मेट्रो के 2700 करोड़ रुपये के बकाया का भुगतान उनकी सरकार ने किया है।
इसके साथ ही सीएम ने कहा कि पिछली सरकार ने ईवी सब्सिडी के 40 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया था, जिसे मौजूदा सरकार ने पूरा किया है।
इस मौके पर दिल्ली से पानीपत के लिए एक नई अंतरराज्यीय बस सेवा का भी शुभारंभ किया गया। इससे पहले धारूहेड़ा, बागपत, बड़ौत और सोनीपत के लिए बस सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं।
