Cylinder Explosion in Chennai Kills Two Children, Injures Seven; Three Houses Damaged
चेन्नई (तमिलनाडु): चेन्नई के नवल्लूर इलाके में सोमवार सुबह एक तेज धमाके के साथ सिलेंडर फटने की घटना सामने आई है। इस हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के तीन मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।
जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब 7:40 बजे चेन्नई दक्षिण के नवल्लूर स्थित चामुंडीश्वर नगर की तीसरी गली में हुई। धमाके की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और देखा कि विस्फोट के कारण तीन घरों का कुछ हिस्सा ढह गया है।
इस हादसे में संजय कुमार और सोनिया के डेढ़ वर्षीय बेटे धीरन और चार वर्षीय बेटी कृतिका की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कई लोग मलबे के नीचे दब गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही थाझाम्बूर पुलिस स्टेशन की टीम और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। बचाव दल ने मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में प्रदीप (7), सेल्वी (40), वैरामुथु (45), संजीव कुमार (27), सोनिया (25), मुरुगन (45) और चित्रा (55) शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए पास के सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह मामला एलपीजी सिलेंडर विस्फोट का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
