Cyber Crime Gang Busted in Lucknow: Three Arrested for ₹90 Lakh ‘Digital Arrest’ Fraud
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में साइबर क्राइम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फर्जी एटीएस अधिकारी बनकर “डिजिटल अरेस्ट” के नाम पर 90 लाख रुपये की ठगी करने वाले तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इससे पहले इस मामले में पांच आरोपियों को जेल भेज चुकी है। तीन और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे गिरोह के नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पीड़ित की पत्नी को फोन कर खुद को एटीएस मुख्यालय में तैनात इंस्पेक्टर बताया और उन्हें आतंकवाद तथा मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित को सिग्नल ऐप डाउनलोड करवाया गया और फर्जी जांच के नाम पर सुप्रीम कोर्ट के नकली दस्तावेज दिखाए गए।
आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचाने और बैंक खातों के सत्यापन के नाम पर पीड़ित दंपति से 29 जनवरी से 9 फरवरी के बीच अलग-अलग बैंक खातों में आरटीजीएस के जरिए करीब 90 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।
इसके बाद भी ठगों ने 11 लाख रुपये और मांगते हुए पीड़ित परिवार को जान-माल की धमकी दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद गिरोह के तीन और सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
