Congress Protests in Bihar Assembly Over Pappu Yadav’s Arrest, Political Message Displayed Through T-Shirts
पटना।बिहार विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विपक्षी दलों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी और NEET छात्रा की मौत के मुद्दे को लेकर कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने विधानसभा पोर्टिको में जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायक खास अंदाज में नजर आए। चनपटिया से विधायक अभिषेक रंजन ‘आज जेल होई, कल बेल होई, परसो से वही खेल होई’ लिखा हुआ टी-शर्ट पहनकर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने कहा कि पप्पू यादव की गिरफ्तारी पूरी तरह राजनीतिक बदले की भावना से की गई है और कांग्रेस इस कार्रवाई का हर स्तर पर विरोध करेगी।
विधानसभा परिसर में प्रदर्शन के दौरान NEET छात्रा की मौत का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस विधायकों ने आरोप लगाया कि सरकार इस गंभीर मामले को लेकर असंवेदनशील रवैया अपना रही है और दोषियों पर कार्रवाई से बच रही है। नारेबाजी के चलते कुछ समय तक विधानसभा परिसर में तनाव का माहौल बना रहा।
कांग्रेस विधायक कमरुल होदा ने पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए कहा कि बिहार में लोकतांत्रिक व्यवस्था के बजाय राजतंत्र जैसा माहौल बना दिया गया है। उनका आरोप था कि सरकार से सवाल करने वालों को दबाने की कोशिश की जा रही है। विपक्ष ने संकेत दिया है कि यह मुद्दा सदन के भीतर भी पूरी मजबूती से उठाया जाएगा।
इस राजनीतिक हंगामे के बीच विधानसभा में आज बजट 2026–27 पर चर्चा की शुरुआत होनी है। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025–26 का तीसरा सप्लीमेंट्री बजट भी सदन में पेश किया जाएगा। सत्र के दूसरे चरण में सभी अहम वित्तीय प्रस्तावों पर चर्चा की जानी है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी बजट सत्र के दौरान सदन का माहौल कई बार गरमाया है। चौथे दिन स्वास्थ्य मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी के बयान को लेकर सरकार को विपक्ष की तीखी आलोचना झेलनी पड़ी थी। वहीं तीसरे दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच हुई तीखी बहस ने खासा ध्यान खींचा था।
राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव के बीच हुए वाकयुद्ध से सदन का माहौल और गरम हो गया था। इन घटनाओं ने साफ संकेत दे दिया है कि पप्पू यादव की गिरफ्तारी, NEET छात्रा मामला और बजट को लेकर आने वाले दिनों में विधानसभा में सियासी टकराव और तेज होने वाला है।
