Clash Between Police and Villagers in Unnao’s Hadha Village During Holi,
उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के अचलगंज थाना क्षेत्र के हड़हा गांव में बुधवार शाम पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी झड़प हो गई। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए और पुलिस जीप भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने इस मामले में 20 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शराब और जुए के विवाद पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार बुधवार शाम करीब 5:30 बजे सूचना मिली कि गांव का युवक अंकित शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा है और माहौल बिगाड़ रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने युवक से पूछताछ की, लेकिन वह भड़क गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि इस दौरान एक सिपाही द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने की बात भी सामने आई।
ग्रामीणों ने किया पथराव
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने उच्च अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद थाना प्रभारी ब्रजेश शुक्ला और सीओ भगवंत नगर मधुपनाथ मिश्रा अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो चुके थे। पुलिस के समझाने के दौरान महिलाओं समेत ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया, जिससे पुलिस जीप का शीशा टूट गया और कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
लाठीचार्ज के बाद हालात काबू में
पथराव के बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। इस झड़प में कुछ ग्रामीण भी घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है और मामले की जांच जारी है।
