Chaos at Exam Centre in Begusarai, Gate Lock Broken to Allow Entry, Student Still Barred from Exam
बेगूसराय।इंटरमीडिएट परीक्षा के पहले ही दिन बेगूसराय के एक परीक्षा केंद्र पर जमकर हंगामा देखने को मिला। आदर्श परीक्षा केंद्र जेके प्लस टू स्कूल में देर से पहुंची एक छात्रा को परीक्षा में शामिल न किए जाने पर अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते बवाल में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, छात्रा निर्धारित समय से देरी से परीक्षा केंद्र पहुंची थी। गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने नियमों का हवाला देते हुए उसे अंदर प्रवेश देने से मना कर दिया। इससे बाहर मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई। पहले लोगों ने अनुरोध किया, फिर शोर-शराबा शुरू हुआ और बाद में कुछ लोगों ने गेट का ताला तोड़ दिया।
हालांकि, गेट के अंदर पहुंचने के बावजूद छात्रा को परीक्षा देने की अनुमति नहीं मिली। सुरक्षा कर्मियों ने बताया कि छात्रा करीब आधा घंटा देर से पहुंची थी। केंद्राधीक्षक से बातचीत के बाद भी उसे बाहर भेज दिया गया, जिसके बाद भीड़ और अधिक उग्र हो गई। लोग जोर-जोर से नारे लगाते हुए छात्रा को परीक्षा में बैठाने की मांग करने लगे।
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर पुलिस पहुंची और हस्तक्षेप कर भीड़ को परीक्षा केंद्र से हटाया।
परीक्षा से वंचित छात्रा ने बताया कि वह मटिहानी स्थित बालिका प्लस टू स्कूल की छात्रा है। उसने कहा कि वह समय पर घर से निकली थी, लेकिन ई-रिक्शा की धीमी रफ्तार के कारण देर हो गई। परीक्षा नहीं दे पाने के डर से उसका एक साल बर्बाद होने की आशंका जताते हुए वह फूट-फूटकर रोने लगी। साथ मौजूद सहेलियों ने उसे ढांढस बंधाया।
इस मामले पर केंद्राधीक्षक नमिता कुमारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा नियमों के अनुसार एक मिनट की भी देरी पर प्रवेश की अनुमति नहीं है। छात्रा निर्धारित समय से काफी देर से पहुंची थी। वहीं, बाहर मौजूद लोगों का दावा था कि छात्रा केवल 10 से 12 मिनट देर से आई थी, लेकिन केंद्र प्रशासन ने नियमों से किसी भी तरह की छूट देने से इनकार कर दिया।
इधर, शहर के श्रीकृष्ण महिला कॉलेज परीक्षा केंद्र पर भी देर से पहुंची कई छात्राओं को प्रवेश नहीं दिया गया। छात्राएं काफी देर तक गेट के बाहर रोती रहीं, लेकिन अधिकारियों ने नियमों का हवाला देते हुए सभी को वापस भेज दिया।
