Celebrations Turn Tragic in Mahoba, Firecracker Hits Electric Wire, Three Youths Seriously Injured
जनपद: महोबा के श्रीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलारपुर गांव में बच्चों के जन्म की खुशी में की गई आतिशबाजी एक दर्दनाक हादसे में बदल गई। पटाखा फोड़ने के दौरान एक बड़ा पटाखा बिजली के तार से टकरा गया, जिससे वह नीचे सड़क पर खड़े डीजे संचालकों पर गिर पड़ा। इस हादसे में दो सगे भाइयों सहित तीन युवक गंभीर रूप से झुलस गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कबरई विकासखंड के सिलारपुर गांव निवासी संतोष कुशवाहा की पत्नी ने पुत्र को जन्म दिया था। इस खुशी में परिजनों द्वारा पटाखों की आतिशबाजी की जा रही थी। इसी दौरान अचानक एक बड़ा पटाखा ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से टकरा गया और सड़क पर खड़े डीजे संचालकों पर गिर पड़ा।
हादसे में अवधेश राजपूत, संजू राजपूत और शिव कुमार साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सरकारी एंबुलेंस के माध्यम से आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
