Cargo Ship Bound for India Attacked Near Strait of Hormuz, Thai Vessel Catches Fire
तेहरान: होर्मुज जलडमरूमध्य के पास भारत की ओर आ रहे थाईलैंड के एक कार्गो जहाज पर हमला होने की खबर सामने आई है। जहाज से किसी अज्ञात प्रोजेक्टाइल के टकराने के बाद उसमें आग लग गई। इस घटना के बाद जहाज पर मौजूद 20 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि तीन सदस्य अभी भी जहाज पर फंसे बताए जा रहे हैं।
मरीन सिक्योरिटी सूत्रों और शिप ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, जहाज की पहचान “मयूरी नारी” के रूप में हुई है। इसे ओमान के उत्तरी तट से लगभग 11 नॉटिकल मील की दूरी पर निशाना बनाया गया। थाईलैंड सरकार ने भी पुष्टि की है कि हमले के बाद जहाज पर मौजूद अधिकांश क्रू मेंबर्स को बचा लिया गया है।
रॉयल थाई नेवी और यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस के अनुसार 11 मार्च को होर्मुज जलडमरूमध्य में इस कार्गो जहाज से एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल टकराया था। इंटरनेशनल मैरीटाइम ऑर्गनाइजेशन ने जहाज के नंबर, ढांचे और अन्य विवरणों का सत्यापन किया है, जो उनके रिकॉर्ड से मेल खाते हैं। मैरीटाइम रिकॉर्ड के अनुसार जहाज का स्वामित्व प्रेशियस शिपिंग कंपनी के पास है।
जहाज ट्रैकिंग वेबसाइटों के मुताबिक यह 178 मीटर लंबा और लगभग 30 हजार टन क्षमता वाला जहाज था, जो भारत के गुजरात स्थित कांडला बंदरगाह की ओर जा रहा था। हमले के समय यह ओमान के तट के पास धीमी गति से आगे बढ़ रहा था।
रॉयल थाई नेवी ने कहा है कि हमले में इस्तेमाल किए गए प्रोजेक्टाइल की पहचान के लिए जांच जारी है। होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। हाल ही में ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के कारण इस क्षेत्र में सुरक्षा जोखिम बढ़ गया है और जहाजों की आवाजाही काफी सीमित हो गई है।
