Bus Carrying Indian Pilgrims Falls into Gorge in Nepal, 7 Dead; Several Injured
काठमांडू (नेपाल): नेपाल में भारतीय श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक यात्री बस हादसे का शिकार हो गई। मध्य नेपाल में हुई इस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार यह बस भारतीय तीर्थयात्रियों को लेकर मनकामना मंदिर से लौट रही थी। इसी दौरान नेपाल के गंडकी प्रांत के गोरखा जिले में बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गई।
गोरखा जिले के जिला यातायात पुलिस कार्यालय के प्रमुख सूरज आर्यल के मुताबिक हादसे में मरने वालों में दो महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं और सभी मृतक भारतीय नागरिक हैं।
जिला पुलिस कार्यालय प्रमुख भरत बहादुर बीके ने बताया कि मृतकों की पहचान मुथु कुमार (58), अनामलिक (58), मीनाक्षी (59), शिवगामी (53), विजयल (57), मीना (58) और तमिलारसी (60) के रूप में हुई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हादसे में सात अन्य यात्री घायल हुए हैं। उन्हें बचाकर आंबुखैरेनी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि बस का चालक इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गया, जबकि उसका सहायक घायल हो गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
