Brave Women Jawans Stun with Bike Stunts on Kartavya Path
गणतंत्र दिवस परेड 2026 में देश की बेटियों ने कर्तव्य पथ पर ऐसा शौर्य और साहस दिखाया कि हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो गया। एसएसबी (SSB) और सीआरपीएफ (CRPF) की महिला जांबाजों ने रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिलों पर हैरतअंगेज स्टंट और शानदार फॉर्मेशन पेश कर ‘नारी शक्ति’ का अद्भुत प्रदर्शन किया।
महिला कर्मियों के इस विशेष दस्ते ने संतुलन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ बाइक पर कठिन करतब दिखाते हुए कर्तव्य पथ पर मार्च किया। सीआरपीएफ और एसएसबी की इन महिला टुकड़ियों का तालमेल और साहस देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे।
इस ऐतिहासिक परेड में सीआरपीएफ और एसएसबी की पूरी तरह महिला टुकड़ी ने असिस्टेंट कमांडेंट सीमा नाग और नवीन कुमारी के नेतृत्व में कई शानदार बाइक फॉर्मेशन प्रस्तुत किए। उनकी साहसी स्टंटबाजी ने यह साबित कर दिया कि देश की बेटियां किसी भी चुनौती से पीछे नहीं हैं।

इसी परेड में एक और ऐतिहासिक पल तब देखने को मिला, जब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की सहायक कमांडेंट सिमरन बाला ने केवल पुरुष कर्मियों की टुकड़ी का नेतृत्व कर इतिहास रच दिया। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले से ताल्लुक रखने वाली 26 वर्षीय सिमरन बाला ने सीआरपीएफ के 147 पुरुष जवानों की टुकड़ी की कमान संभाली।
कर्तव्य पथ पर सीआरपीएफ बैंड द्वारा बजाए गए बल गीत ‘देश के हम हैं रक्षक’ की धुन पर टुकड़ी ने कदमताल की। हालांकि इससे पहले भी महिला अधिकारियों ने गणतंत्र दिवस पर विभिन्न टुकड़ियों का नेतृत्व किया है, लेकिन यह पहली बार है जब किसी महिला अधिकारी ने राष्ट्रीय समारोह में 140 से अधिक केवल पुरुष कर्मियों वाली टुकड़ी की अगुवाई की।
सिमरन बाला एक वर्ष से भी कम समय पहले सीआरपीएफ में शामिल हुई हैं और वह राजौरी जिले की पहली महिला हैं, जिन्होंने देश के सबसे बड़े अर्द्धसैनिक बल में अधिकारी पद हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
