Bomb Threat Triggers Panic on IndiGo Flight from Kolkata to Shillong
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित Netaji Subhas Chandra Bose International Airport पर शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब शिलांग जाने वाली IndiGo की फ्लाइट 6E3074 में बम होने की सूचना मिली।
जानकारी के अनुसार, यह फ्लाइट सुबह 9:15 बजे कोलकाता से शिलांग के लिए उड़ान भरने वाली थी। बोर्डिंग के दौरान क्रू मेंबर्स को विमान के टॉयलेट कंपार्टमेंट में एक संदिग्ध कागज मिला, जिस पर ‘बम’ होने की बात लिखी थी।
यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया
नोट मिलने के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। विमान को एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
कोलकाता एयरपोर्ट डायरेक्टर के मुताबिक, “कोलकाता से शिलांग जा रही इंडिगो 6E3074 में बम की अफवाह की सूचना मिली थी। विमान को आइसोलेशन बे में ले जाकर जांच शुरू कर दी गई है।”
चल रही है सघन जांच
एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि हाथ से लिखा नोट क्रू मेंबर को टॉयलेट के अंदर मिला था। इसके बाद मानक सुरक्षा प्रक्रिया (SOP) के तहत विमान की गहन तलाशी ली जा रही है।
Airports Authority of India (AAI) ने भी पुष्टि की है कि सभी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। अब तक की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता बरत रही हैं।
