Bill Gates Withdraws from AI Impact Summit Speech
नई दिल्ली: एपस्टीन फाइल्स में नाम सामने आने के बाद माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने AI Impact Summit में अपना निर्धारित भाषण रद्द कर दिया है। गेट्स फाउंडेशन ने आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की कि 19 फरवरी को होने वाला उनका संबोधन अब नहीं होगा।
गेट्स फाउंडेशन का प्रतिनिधित्व करेंगे अंकुर वोरा
फाउंडेशन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि अब समिट में संगठन का प्रतिनिधित्व भारत और अफ्रीका कार्यालय के अध्यक्ष अंकुर वोरा करेंगे। बयान में यह भी कहा गया कि गेट्स फाउंडेशन वैश्विक स्वास्थ्य और विकास से जुड़े साझा लक्ष्यों के प्रति प्रतिबद्ध बना रहेगा।
स्पीकर लिस्ट से हटाया गया नाम
दो दिन पहले ही सूत्रों के हवाले से खबर सामने आई थी कि बिल गेट्स समिट में शामिल नहीं होंगे और उनका नाम कार्यक्रम की आधिकारिक स्पीकर सूची से हटा दिया गया है। हालांकि उस समय सरकार की ओर से कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई थी।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव की प्रतिक्रिया
केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस वार्ता के दौरान इस मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि किसी भी व्यक्ति का कार्यक्रम में शामिल होना या न होना उसका निजी निर्णय होता है और इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।
पहले जारी बयान में शामिल होने की पुष्टि
गौरतलब है कि इससे पहले गेट्स फाउंडेशन ने बयान जारी कर कहा था कि बिल गेट्स समिट में शामिल होंगे और अपना निर्धारित भाषण देंगे। उस बयान में भारत को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में उभरता वैश्विक नेता भी बताया गया था।
एपस्टीन फाइल्स के बाद बढ़ा विवाद
हाल ही में अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी फाइल्स में बिल गेट्स का नाम कई बार सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया है। इस मुद्दे पर विपक्षी नेताओं की ओर से भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली हैं।
