Bihar: Nitish Kumar and Four NDA Candidates File Nominations for Rajya Sabha Elections
पटना: बिहार की राजनीति में गुरुवार का दिन अहम रहा, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित एनडीए के पांच उम्मीदवारों ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह भी विधानसभा परिसर में मौजूद रहे।
नामांकन के समय एनडीए के कई वरिष्ठ नेता, विधायक और समर्थक बड़ी संख्या में विधानसभा परिसर में उपस्थित रहे। इस दौरान गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
तीन राष्ट्रीय अध्यक्षों ने भरा नामांकन
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन करने वालों में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं। तीनों राष्ट्रीय अध्यक्षों का एक साथ राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करना बिहार की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसके अलावा जदयू की ओर से केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर और भाजपा के प्रदेश महामंत्री शिवेश कुमार ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन के दौरान दिखी एनडीए की एकजुटता
नामांकन कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह, मंत्री बिजेंद्र यादव, श्रवण कुमार समेत एनडीए के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
राज्यसभा चुनाव की आगे की प्रक्रिया
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच 6 मार्च को की जाएगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 9 मार्च तय की गई है। यदि जरूरत पड़ी तो 16 मार्च को मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 9 बजे से दोपहर 4 बजे तक होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी।
इन सांसदों का खत्म हो रहा कार्यकाल
बिहार से जिन राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हो रहा है, उनमें अमरेंद्र धारी सिंह, प्रेमचंद गुप्ता, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह शामिल हैं।
राज्यसभा चुनाव को लेकर बिहार की राजनीति में पहले से ही हलचल बनी हुई है और इन नामांकनों के बाद राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं।
