Bhagalpur Robbery: Bike-Borne Thieves Loot Youth at Gunpoint, Escape with iPhone and Gold Chain
भागलपुर के बबरगंज थाना क्षेत्र के बाल्टी कारखाना रोड पर एक युवक से हथियार के बल पर लूट की वारदात हुई। पीड़ित युवक की पहचान सत्यानंद कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सत्यानंद कुमार पटना से ट्रेन के जरिए भागलपुर पहुंचे थे और स्टेशन से पैदल अपने घर जा रहे थे।
जैसे ही वह बाल्टी कारखाना रोड की गली में पहुंचे, बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। अपराधियों ने पहले युवक के साथ गाली-गलौज की और मारपीट की। इसके बाद हथियार का भय दिखाकर उनके पास मौजूद आईफोन, एक अन्य मोबाइल फोन और सोने की चेन छीन ली।
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। दोपहर में पीड़ित युवक घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई।
मोजाहिदपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित की मदद से आस-पास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही इस लूट की घटना का खुलासा किया जाएगा।
