Badaun Hotel Scandal: Couple Secretly Filmed and Blackmailed, Video Goes Viral
बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक होटल से जुड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को लेकर आरोप लगाया जा रहा है कि होटल संचालक के बेटे ने प्रेमी युगल का गुप्त रूप से वीडियो बनाकर उन्हें लंबे समय तक ब्लैकमेल किया।
बताया जा रहा है कि यह मामला दातागंज थाना क्षेत्र का है। वायरल वीडियो लगभग 10 मिनट 54 सेकंड का बताया जा रहा है, जिसके सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
जानकारी के मुताबिक आरोपी ने प्रेमी युगल को कमरा देने से पहले ही कमरे में मोबाइल फोन का कैमरा चालू कर उसे एक गुप्त स्थान पर छिपा दिया था। जब युवक और युवती कमरे में पहुंचे, तो उनकी निजी गतिविधियां उसी कैमरे में रिकॉर्ड हो गईं।
वायरल वीडियो में कथित तौर पर यह भी दिखाई देता है कि पहले कमरे में मोबाइल कैमरा छिपाकर सेट किया गया और उसके बाद प्रेमी युगल कमरे में प्रवेश करता है। आरोप है कि वीडियो रिकॉर्ड होने के बाद आरोपी ने उसे वायरल करने की धमकी देकर दोनों को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
सूत्रों के अनुसार काफी समय तक उन पर दबाव बनाया गया। जब दोनों ने आरोपी की मांगों को मानने से इनकार कर दिया, तो कथित तौर पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
लोगों का कहना है कि होटल के कमरे में गुप्त कैमरा लगाकर किसी की निजी जिंदगी रिकॉर्ड करना बेहद गंभीर अपराध है और इससे लोगों की निजता का उल्लंघन होता है। मामले के सामने आने के बाद पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है। फिलहाल यह घटना पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।
