An accident occurred on the Delhi-Howrah railway line near Bharthana railway station in Etawah.
इटावा। के भरथना रेलवे स्टेशन के पास दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग पर एक हादसा हो गया। रेलवे फाटक संख्या 20बी पार करते समय एक अधेड़ महिला सीमांचल एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला का शव ट्रेन के इंजन में फंस गया। जिससे करीब डेढ़ किमी तक घिसटता चला गया। घटना के बाद रेल यातायात प्रभावित रहा और कई ट्रेनों को बीच रास्ते में रोकना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला रेलवे ट्रैक पार कर रही थी। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार सीमांचल एक्सप्रेस आ गई और महिला उसकी चपेट में आ गई। शुरुआत में ट्रेन के लोको पायलट को घटना की जानकारी नहीं हो सकी। कुछ दूरी तय करने के बाद लोको पायलट को शक हुआ, जिसके बाद उसने ट्रेन को आगे जाकर रोका। जांच करने पर देखा गया कि महिला का शव इंजन में फंसा हुआ है।
इंजन में शव फंसे होने की जानकारी मिलते ही लोको पायलट ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे स्टेशन को दी। इसके बाद स्टेशन पर मौजूद रेलवे स्टाफ और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद कर्मचारियों ने इंजन से महिला के शव को बाहर निकाला। इस पूरी प्रक्रिया में ट्रेन करीब 40 मिनट तक रेलवे ट्रैक पर खड़ी रही, जिससे पीछे से आ रही मुरी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें रोक दी गईं।
हादसे में महिला का शरीर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। जीआरपी और आरपीएफ महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। रेलवे पुलिस का कहना है कि महिला की पहचान होने के बाद ही पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।
