Alto Car Overturns on Purvanchal Expressway, Four Injured Including Two Ghaziabad SIs Bringing Rape Accused from Bihar
सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में शनिवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। माइलस्टोन 97 के पास एक अल्टो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और कई बार पलट गई। हादसे में गाजियाबाद में तैनात दो उप निरीक्षक, बलात्कार का एक आरोपी और कार चालक समेत चार लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही PRV और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से पिठला अस्पताल, कुमारगंज में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान बलात्कार के आरोपी और चालक की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज अयोध्या रेफर कर दिया गया है।
बिहार से आरोपी को ला रही थी पुलिस टीम
जानकारी के मुताबिक, बिहार के रोहतास थाना क्षेत्र के डेहरी निवासी विश्वकांत के खिलाफ रेप का मामला दर्ज था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गाजियाबाद से उप निरीक्षक अतुल कुमार और उप निरीक्षक विपिन कुमार बिहार गए थे। गिरफ्तारी के बाद वे आरोपी को अल्टो कार से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते गाजियाबाद ला रहे थे।
कार को चालक वसीम चला रहा था। जैसे ही वाहन माइलस्टोन 97 के पास पहुंचा, चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
PRV और यूपीडा ने संभाला रेस्क्यू
सूचना पर PRV 6105 के चालक सुनील कुमार सिंह और वंश कुमार मौके पर पहुंचे। इसके अलावा यूपीडा की टीम ने भी तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
आरोपी और चालक की हालत नाजुक
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बलात्कार के आरोपी विश्वकांत और चालक वसीम की हालत नाजुक बताते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज अयोध्या रेफर कर दिया। वहीं दोनों उप निरीक्षकों का इलाज पिठला अस्पताल में चल रहा है।
बल्दीराय थाना प्रभारी नारद मुनि सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
