A tractor was stolen from a house in Fatehpur,
उत्तर प्रदेश: फतेहपुर जनपद के ललौली थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सिधांव गांव में घर का ताला तोड़कर ट्रैक्टर चोरी किए जाने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने पहले थाने में शिकायत की, लेकिन सुनवाई न होने पर जिला अधिकारी की चौखट खटखटाई है।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के शाखा गांव की रहने वाली रचना सिंह ने बुधवार शाम करीब चार बजे जिलाधिकारी रविंद्र सिंह से मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंपी। पीड़िता ने बताया कि उसका मायका ललौली थाना क्षेत्र के सिधांव गांव में है। जहां उसके पिता सरनाम सिंह ने अपने जीवित रहते 26 सितंबर 2024 को वसीयत के जरिए उसके नाम घर, चल-अचल संपत्ति, कुछ जमीन और यूपी 71 एम 0679 नंबर का ट्रैक्टर कर दिया था।
पीड़िता के अनुसार 12 दिसंबर 2025 को पिता की मृत्यु हो गई। इसके बाद 19 जनवरी 2026 को जब घर में कोई मौजूद नहीं था और मकान बंद था। तभी गांव के ही रहने वाले ऊदल सिंह, संजय सिंह, गोरे सिंह और अमित सिंह ने घर का ताला तोड़कर ट्रैक्टर चोरी कर लिया। जानकारी मिलने पर जब पीड़िता मौके पर पहुंची तो ट्रैक्टर ऊदल सिंह के घर पर खड़ा मिला। ट्रैक्टर के बारे में पूछने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और गांव छोड़ने तथा जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता का आरोप है कि जब वह शिकायत लेकर ललौली थाने पहुंची तो दबंगों के प्रभाव के चलते पुलिस ने उसकी बात नहीं सुनी और थाने से भगा दिया गया। इसके बाद न्याय की उम्मीद में वह जिला अधिकारी के पास पहुंची है।
वहीं इस पूरे मामले पर ललौली थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर प्राप्त होती है तो जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पीड़िता को प्रशासन से न्याय मिलने का इंतजार है।
