Kanpur Lamborghini Accident: Accused Shivam Mishra Arrested, Produced in Court
कानपुर। ग्वालटोली क्षेत्र के वीआईपी रोड पर रविवार को हुई लैम्बोर्गिनी कार दुर्घटना के मामले में तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा को पुलिस ने गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, हादसे के समय वही कार चला रहा था। बताया जा रहा है कि वह अदालत में सरेंडर करने जा रहा था, इससे पहले ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। बाद में उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजा जाएगा या जमानत मिलेगी, इसका फैसला न्यायालय करेगा।
क्या है मामला
रविवार को आर्य नगर निवासी कारोबारी केके मिश्रा का बेटा शिवम अपने चालक मोहन के साथ लैम्बोर्गिनी कार से बिठूर जा रहा था। वे भाजपा के शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. दिवाकर मिश्रा की आईएएस बेटी कृतिका मिश्रा की शादी में शामिल होने जा रहे थे।
भैरोंघाट चौराहे के पास कार ने पहले एक ऑटो और फिर बुलेट मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इसके बाद तेज रफ्तार लैम्बोर्गिनी बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सड़क किनारे खड़े ऑटो से भिड़कर बुलेट के ऊपर चढ़ गई।
इस हादसे में चमनगंज घोसियाना निवासी तौफीक अहमद घायल हो गए। उन्हें बाएं पैर में चोट आई। वहीं बुलेट सवार विशाल त्रिपाठी और सोनू त्रिपाठी को भी धक्का लगा, हालांकि उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। तौफीक की तहरीर पर पुलिस ने कार नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया था।
चालक को बताया गया था ड्राइवर
घटना के बाद कारोबारी केके मिश्रा और उनके अधिवक्ता धर्मेंद्र सिंह ने दावा किया था कि हादसे के समय कार चालक मोहन चला रहा था। हालांकि पुलिस जांच में शिवम मिश्रा को ही चालक मानते हुए मुकदमे में नामजद किया गया।
इस बीच घायल तौफीक ने चालक मोहन से समझौता कर लिया और कहा कि उन्हें आर्थिक क्षतिपूर्ति मिल चुकी है, इसलिए वे आगे कोई कार्रवाई नहीं चाहते। बावजूद इसके, पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के समय शिवम ही गाड़ी चला रहा था।
गिरफ्तारी पर पुलिस का बयान
पुलिस के मुताबिक, शिवम मिश्रा कोर्ट में आत्मसमर्पण करने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
दो दिन पहले केके मिश्रा ने दावा किया था कि शिवम दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है। हालांकि पुलिस ने उसे शहर से ही गिरफ्तार कर लिया।अब पूरे मामले में आगे की कार्रवाई अदालत के निर्णय पर निर्भर करेगी।
